राम-राम भाइयों! स्वागत है आपका Job Alert Guru के एक और नए ब्लॉग पोस्ट में।

पिछले कुछ दिनों से मेरे पास आप लोगों के बहुत सारे कमेंट्स और मैसेज आ रहे थे कि “भाई, किसानों के लिए जो 3000 रुपये महीने वाली पेंशन योजना है, उसका फॉर्म कैसे भरें? इसके क्या नियम हैं?”
यूट्यूब पर तो मैंने वीडियो डाल ही दिया है, लेकिन कई भाइयों को वीडियो से नोट्स बनाने या कागज समझने में दिक्कत होती है। तो मैंने सोचा क्यों न आज यहाँ बिल्कुल देसी और अपनी आम भाषा में पूरी डिटेल लिख दूँ, ताकि आप आराम से पढ़कर समझ सकें और किसी दलाल के चक्कर में न पड़ें।
चलिए सीधे काम की बात पर आते हैं।
पीएम किसान मानधन योजना आखिर है क्या?
भाइयों, सच बात तो ये है कि जब तक शरीर में जान होती है, तब तक तो हम खेत में दिन-रात एक करके कमा लेते हैं। लेकिन जब उम्र ढलने लगती है, तब सबसे ज्यादा टेन्शन होती है कि बुढ़ापे में खर्चा कैसे चलेगा?
बस इसी टेन्शन को खत्म करने के लिए सरकार ने यह योजना निकाली है। जैसे नौकरी वालों को रिटायरमेंट के बाद पेंशन मिलती है ना, बिल्कुल वैसे ही अब किसानों को भी मिलेगी। जैसे ही आपकी उम्र 60 साल पूरी होगी, आपके बैंक खाते में हर महीने 3,000 रुपये (यानी साल के सीधे 36,000 रुपये) खटाखट आने शुरू हो जाएंगे।
एक और अच्छी बात बता दूँ- अगर भगवान न करे, 60 साल के बाद किसान को कुछ हो जाता है, तो उनकी घरवाली (पत्नी) को हर महीने 1500 रुपये की पेंशन मिलती रहेगी, ताकि उनका गुजारा आराम से चल सके।
फॉर्म कौन-कौन भर सकता है? (नियम ध्यान से पढ़ें)
ऐसा नहीं है कि कोई भी मुँह उठाकर इसका फॉर्म भर दे। सरकार ने इसके लिए कुछ शर्ते रखी हैं:
- उम्र: आपकी उम्र 18 साल से 40 साल के बीच होनी चाहिए। अगर आप 40 से ऊपर हो गए हैं, तो भाई आप इसका फॉर्म नहीं भर सकते।
- जमीन: यह योजना सिर्फ छोटे किसानों के लिए है। आपके नाम पर 2 हेक्टेयर (लगभग 5 एकड़) या उससे कम खेती की जमीन होनी चाहिए।
- किसे नहीं मिलेगा: अगर आप पहले से सरकारी नौकरी में हैं, इनकम टैक्स भरते हैं, या NPS, EPFO जैसी किसी दूसरी पेंशन का फायदा ले रहे हैं, तो यह योजना आपके लिए नहीं है।
अब सबसे बड़ा सवाल- जेब से कितने पैसे कटेंगे?
कई भाई सोचते हैं कि यार महीने के हजारों रुपये कटेंगे। पर ऐसा नहीं है! यह बहुत ही सस्ती योजना है। आपकी किस्त इस बात पर तय होगी कि आप किस उम्र में फॉर्म भर रहे हैं।
- अगर आपकी उम्र अभी 18 साल है, तो आपको महीने के सिर्फ 55 रुपये जमा करने हैं।
- अगर उम्र 30 साल है, तो करीब 110 रुपये कटेंगे।
- अगर आप 40 साल के हैं (जो कि आखिरी लिमिट है), तो महीने के 200 रुपये देने होंगे।
डबल फायदे वाली बात: आप अपने खाते से महीने का जितना पैसा कटवाएंगे (मान लीजिए 100 रुपये), तो सरकार भी अपनी तरफ से 100 रुपये आपके उसी पेंशन खाते में जमा करेगी। मतलब आपका पैसा सीधा डबल हो रहा है।
फॉर्म भरने जा रहे हैं? ये 4 कागज साथ जरूर ले जाना
दफ्तरों के फालतू चक्कर काटने की कोई जरूरत नहीं है। बस ये 4 कागज अपनी फाइल में रख लो:
- आधार कार्ड (सबसे जरूरी)
- बैंक खाते की पासबुक (जिसमें आपकी पेंशन आएगी)
- जमीन की नकल (खसरा-खतौनी)
- आपका चालू मोबाइल नंबर (जिसपर OTP आएगा)
फॉर्म कहाँ और कैसे भरें?
भाई, मैं तो यही सलाह दूंगा कि खुद मोबाइल से पंगे लेने के बजाय, सीधा अपने पास वाले CSC सेंटर (जन सेवा केंद्र या ई-मित्र) पर चले जाओ।
वहाँ जाकर कंप्यूटर वाले भैया को अपने कागज दे दो और बोलो कि “भाई, पीएम किसान मानधन योजना का रजिस्ट्रेशन कर दे।” वो आपका फॉर्म ऑनलाइन भर देगा। सबसे अच्छी बात ये है कि सरकार ने फॉर्म भरने की कोई फीस नहीं रखी है, यह एकदम फ्री है। आपकी पहली किस्त वहीं से कट जाएगी और आपको एक रसीद मिल जाएगी।
मेरी एक छोटी सी सलाह: अगर आपकी उम्र 18 से 40 के बीच है और जमीन 5 एकड़ से कम है, तो इस योजना को छोड़ना मत। जवानी के 50-100 रुपये तो हम वैसे ही चाय-पानी में उड़ा देते हैं, वही पैसे अगर यहाँ कट गए तो बुढ़ापा आराम से कटेगा।
उम्मीद है आपको सारी बात समझ आ गई होगी। अगर फिर भी कोई डाउट रह गया हो या कुछ पूछना हो, तो नीचे कमेंट बॉक्स में अपना सवाल लिख देना, मैं खुद जवाब दे दूँँगा।
अगर जानकारी काम की लगी हो, तो इस पोस्ट को अपने दोस्तों और गाँव के व्हाट्सएप ग्रुप में जरूर शेयर करना ताकि सबका भला हो सके।
- राजस्थान विद्या संबल योजना भर्ती 2026 | बिना परीक्षा सीधी भर्ती | Form Kaise Bhare? | Full Details
- राजस्थान में 6 बड़ी खबरें: 81,023 भर्ती से नगर निकाय चुनाव तक, जानें पूरा अपडेट
- राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026: पूरी जानकारी, चुनाव की तारीखें, आरक्षण, वोटिंग, उम्मीदवार योग्यता | Job Alert Guru
- दिल्ली लक्ष्मी योजना 2026: ₹2500 प्रतिमाह सहायता के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें? पात्रता, दस्तावेज़ और पूरी प्रक्रिया
- REET Mains Syllabus 2027 in Hindi (Level-1 & Level-2): परीक्षा पैटर्न, विषयवार सिलेबस, अंक, समय और तैयारी रणनीति